महिला शिक्षिका ने ट्रेन के सामने कूदकर वृद्ध की बचाई जान, खुद हो गईं घायल

महिला शिक्षिका ने ट्रेन के सामने कूदकर वृद्ध की बचाई जान, खुद हो गईं घायल

दरियापुर में शिक्षिका की साहस और मानवता की होती रही चर्चा


दरियापुर प्रखंड क्षेत्र में मानवता और साहस की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए एक निजी विद्यालय की महिला शिक्षिका ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक वृद्ध व्यक्ति की जिंदगी बचा ली। जानकारी के अनुसार निजी विद्यालय की शिक्षिका निक्की कुमारी स्कूल से लौटने के क्रम में शीतलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। इसी दौरान एक वृद्ध व्यक्ति रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंचने वाली थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए शिक्षिका निक्की कुमारी ने बिना देर किए अपनी

जान की बाजी लगाकर रेल लाइन पर छलांग लगा दी और वृद्ध व्यक्ति को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान शिक्षिका स्वयं भी घायल हो गईं। उनकी इस साहसिक पहल से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने महिला शिक्षिका के साहस और मानवता की जमकर सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इस अदम्य साहस के लिए सागर हिल टॉप एकेडमी के निदेशक विजय कुमार सिंह ने शिक्षिका को 5100 रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय की प्राचार्य पूनम कुमारी सिंह ने

मेडल देकर सम्मानित किया। साथ ही रंगीलो भारत फाउंडेशन की निदेशक रंगीलो कुमारी ने शिक्षिका को प्राथमिक उपचार एवं हर संभव सहयोग प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की। महिला शिक्षिका के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करने वालों में सुजीत कुमार उर्फ मुन्ना तथा दिघवारा प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर पंचायत के भावी सरपंच प्रत्याशी विनय कुमार सिंह सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे साहसिक कार्य समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और मानवता की सच्ची मिसाल प्रस्तुत करते हैं। इधर शिक्षिका की बहादुरी की चर्चा हर जगह होती रही।
Previous Post Next Post