समृद्धि यात्रा में पहुंचे एसीएस ने शिक्षा भवन का किया निरीक्षण, कहा- समय पर हो शिक्षकों का वेतन भुगतान
समृद्धि यात्रा में बेतिया पहुंचे शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेन्द्र ने शुक्रवार को जिला शिक्षा भवन का निरीक्षण व शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। एसीएस ने एकीकृत शिक्षा भवन के विभिन्न संभागों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के साथ समय पालन जरूरी है। इसपर सबको मिलकर काम करना है। इसके साथ ही शिक्षकों की समस्या यों का समाधान व समय पर वेतन भी सुनिश्चित होना चाहिए। शिक्षकों की संतुष्टि ही गुणवक्तापूर्ण शिक्षा
की राह आसान बना सकती है। एसीएस ने शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार अपनाने व उन्हें बेवजह परेशान नहीं करने की बात कही। कहा कि सभी अपना काम
ईमानदारी व लगन के साथ सुनिश्चित करें तभी विभाग विकास की ओर अग्रसर होगा और बांधा मुक्त काम संपन्न होंगे। काम में किसी स्तर पर कोई लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
पुराने अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव के साथ समय पर कार्यों के निष्पादन का दिया निर्देश
जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचे एसीएस ने निरीक्षण के उपरांत शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने शिक्षक वेतन भुगतान, प्रोत्साहन योजना, मॉडल स्कूल में भूमि की उपलब्धता, सीडब्लूजेसी, एमजेसी, पोस्ट मैट्रिक, अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति, एसीडीसी लम्बित उपयोगिता, निजी विद्यालयों की सम्बद्धता, ज्ञानदीप पोर्टल पर बच्चों की प्रविष्टि, सेवान्त लाभ, ग्रीवांस पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों के त्वरित निष्पादन सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की
समीक्षा की। एसीएस ने डीईओ व डीपीओ को सभी कार्यों के समय पर निष्पादन की हिदायत दी तथा न्यायालय से संबंधित सभी मामलों में प्राथमिकता के तौर पर प्रति शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया। वहीं कार्यालय में रक्षित सभी पुराने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक मुजफ्फरपुर, डीईओ रविन्द्र कुमार, डीपीओ समग्र शिक्षा गार्गी कुमारी, डीपीओ स्थापना कुमार अनुभव सहित आदि थे।
