एसीएस ने परखी भवन की गुणवत्ता
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्रर ने सोमवार को जिला मुख्यालय डुमरा स्थित शिक्षा भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान शिक्षा भवन की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण समेत प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। अपर मुख्य सचिव ने व्यवस्थाए संतोषजनक पाए जाने पर डीईओ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक राजदेव राम (मुजफ्फरपुर व सारण),
डीईओ राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी, स्थापना डीपीओ मनीष कुमार सिंह, एसएसए व योजना लेखा डीपीओ प्रियदर्शी सौरभ, विभिन्न प्रखंडों के बीईओ, बीईपी के जिला समावेशी शिक्षा समन्वयक आलोक रंजन, एसीपी सुनील कुमार श्रीवास्तव, विभिन्न संभागों के प्रभारी रघुवीर कुमार साहू, राजीव रोशन, त्रिभुवन कुमार समेत विभागीय अन्य कर्मी मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान डॉ. बी. राजेंद्रर ने शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने
अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण व सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। एसीएस ने कहा कि शिक्षा विभाग को बेहतर से बेहतर बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, वही अच्छा व सराहनीय कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
