सेवाकालीन प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों का हंगामा

 सेवाकालीन प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों का हंगामा





शहर के आजाद चौक अमीरगंज मुहल्ला स्थित राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय में पांच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों ने प्रशिक्षण के अंतिम दिन शुक्रवार की सुबह जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि लेट से पहुंचने पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. पवन कुमार सिंह ने मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे नाराज प्रशिक्षु शिक्षक कॉलेज परिसर के बाहर ही प्रदर्शन करने लगे।

आक्रोशित शिक्षकों का कहना था कि सुबह के 7 बजे से लेकर 10:15 बजे तक कॉलेज के प्राचार्य के निर्देश पर कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में आने से रोका गया और प्रशिक्षु शिक्षकों को बाहर रहने के लिये मजबूर किया गया। इस दौरान किसी ने डायल-112 पर फोन कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ और गेट खोला गया। प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों का आरोप था कि कॉलेज में उन्हें घटिया गुणवत्ता का खाना दिया जा रहा है, जिसकी शिकायत वे पहले भी कर चुके हैं,


लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। इसकी शिकायत करने पर गेट को बंदकर परेशान किया जा रहा है।

इधर प्राचार्य पवन कुमार सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए शिक्षकों को ससमय उपस्थित होकर निर्देशानुसार प्रशिक्षण लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा की शिक्षक सिर्फ हाजिरी लगाने आते हैं और प्रशिक्षण में



रुचि नहीं लेते, जबकि नियमों के अनुसार उन्हें पूरे समय परिसर में रहना चाहिए। पहले भी कई शिक्षकों से प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्वाइन नहीं करने पर डीपीओ एसएसए के द्वारा स्पष्टीकरण पूछा जा चुका है। वहीं डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ससमय उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा।
Previous Post Next Post