कैमूर में 8000 शिक्षकों को संपत्ति का ब्योरा देने के बाद ही वेतन का भुगतान होगा।बता दें कि कैमूर में 400 नियमित शिक्षक 3600 विशिष्ट शिक्षक और 4000 बीपीएससी शिक्षक कार्यरत हैं जिन्हें संपत्ति का ब्योरा देना है। इस बारे में डीपीओ स्थापना शंभू कुमार सिंह ने बताया कि इस बारे में सभी डीडीओ को निर्देशित किया गया है।बता दें कि कैमूर में सरकारी विभागों में कार्यरत सभी अफसर और कर्मियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जमा करना होगा।संपत्ति ब्योरा देने पर ही अफसरों और कर्मचारियों को जनवरी और फरवरी माह का वेतन भुगतान होगा।दरअसल समूह क,ख,एवं ग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वेतन तभी मिलेगा जब 7 जनवरी तक सूची और 4 फरवरी तक अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जमा कर देंगे।
कट ऑफ डेट 31 दिसंबर 2025 के आधार पर चल अचल संपत्ति की विवरणी जमा करना अनिवार्य किया गया है।इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने पत्र जारी कर दिया है।सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि चल अचल संपत्ति का ब्योरा जमा नहीं करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों का मासिक वेतन का भुगतान अवरुद्ध रहेगा।चल अचल संपत्ति एवं दायित्वों का ब्योरा जमा करने के लिए निर्धारित फॉर्मेट विभाग के वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्राप्त चल अचल संपत्ति एवं दायित्वों का ब्योरा 31 मार्च 2026 तक वेबसाइट से सार्वजनिक किया जाएगा। अफसरों और कर्मियों को अपने चल अचल संपत्ति का ब्यौरा निर्धारित फॉर्मेट में देना होगा।सभी डीडीओ को 7 जनवरी तक समूह क, ख,ग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों की सूची विहित प्रपत्र में पंजीकृत करना होगा।कैमूर जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने इस बारे में सभी विभागाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
सूचना नहीं देने पर कार्रवाई होगी अपनी चल अचल संपत्ति का ब्योरा नहीं जमा करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि जनवरी और फरवरी का वेतन की निकासी करते समय यह अवश्य सुनिश्चित कर लें कि संबंधित कर्मी द्वारा चल-अचल संपत्ति एवं दायित्वों की वांछित विवरण निर्धारित फॉर्मेट में दी जा चुकी है अन्यथा वेतन निकासी नहीं की जाए। पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करते हुए इसकी सूचना सामान्य प्रशासन विभाग को भी देने का निर्देश दिया गया है।
