जिले के 710 शिक्षकों को शोकॉज, वेतन भी कटेगा
स्कूलों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग एक्टिविटी नहीं करने वाले जिले के 710 शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। दो दिनों के अंदर जवाब नहीं देने पर इनका वेतन भी अवरूद्ध कर दिया जाएगा। डीपीओ एसएसए, गौरव राज ने इस बाबत निर्देश जारी किए है pravesh बता दें कि स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा छह से आठ तक के बच्चों में गणित और विज्ञान विषय की पाठ आधारित समझ विकसित करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग का कॉन्सेप्ट लाया गया है। यह कॉन्सेप्ट काफी प्रभावी है। बच्चों में सेल्फ एनालिसिस के लिए हर विद्यालय को प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) गतिविधि का आयोजन करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत दीक्षा पर
माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट एमआइपी-3 के 7 नवंबर तक क्रियान्वयन के लिए निर्देश दिया गया था। लेकिन जिले के विभिन्न मध्य विद्यालयों में करीब 710 शिक्षकों ने इसका अनुपालन नहीं किया। पीबीएल का क्रियान्वयन नहीं करने पर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में विभाग ने संबंधित पदाधिकारी पर गहरी नाराजगी जताई थी। इसपर डीपीओ ने सख्ती बरतते हुए पीबीएल गतिविधि का आयोजन नहीं करने वाले इन शिक्षकों को शोकॉज किया है। दो दिनों के अंदर इसका जवाब मांगते हुए शिक्षकों को फिजिकली रूप से अपने प्रखंड कार्यालय में स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में वेतन कटौती की बाध्यता होगी।
