सफाई कर्मी निलंबित, ग्राम प्रधान व प्रभारी प्रधान शिक्षक से जवाब तलब
जासं श्रावस्ती : डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने इकौना क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय दहावरकला का निरीक्षण किया। परिसर में सफाई बेहतर नहीं मिली। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने सफाई कर्मचारी को निलंबित कर दिया। कक्षा-कक्ष में गैर जरूरी सामान रखे मिलने पर प्रभारी प्रधान शिक्षक आशीष शर्मा को फटकार लगाते हुए जवाब-तलब करने के निर्देश दिए। विद्यालय में पंखा नहीं था तथा ब्लैक बोर्ड की स्थिति खराब मिली। स्कूल को सुविधाएं उपलब्ध न कराने को लेकर ग्राम प्रधान से भी स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम मिलने पर नाराजगी जताई। शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।
कुछ छात्र-छात्राएं बिना यूनिफार्म के स्कूल आए थे। जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि अभी यूनिफार्म मुहैया नहीं हो पाया है। संबंधित को शीघ्र छात्र-छात्राओं की पाठ्य-पुस्तकें व यूनिफार्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन में बच्चों को तहरी व दूध देना था। सिर्फ तहरी दी गई थी। प्रभारी प्रधान शिक्षक इसका संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। डीएम ने कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने व गत वर्ष से नामांकन अधिक रखने के निर्देश दिए। बच्चों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन मुहैया कराने, बिना अवकाश स्वीकृत के छुट्टी पर न जाने को कहा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एसपी घनश्याम चौरसिया मौजूद रहे।
