गंदगी पर शिक्षक को दिया नोटिस, सफाईकर्मी संस्पेंड
श्रावस्ती, संवाददाता। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने विकास खण्ड इकौना के उच्च प्राथमिक विद्यालय दहावर कला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के क्लास रूम में गंदगी देखी। इस पर शिक्षक को कड़ी फटकार लगाई और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सफाई कर्मचारी को सस्पेंड करने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंखा नहीं पाया गया तथा ब्लैकबोर्ड की स्थिति खराब पायी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किये जाने का निर्देश दिया। विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम पाये जाने पर कड़ी
नाराजगी व्यक्त की और सभी छात्रों को यूनिफार्म में आने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली। जिस पर बताया गया कि मध्यान्ह भोजन में तहरी व दूध है, जिसमें तहरी चनी हुई पायी गई तथा बच्चों को दूध नहीं उपलब्ध कराया गया है। जिस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से कोई सन्तोषजनक जवाव नहीं दिया गया। शिक्षक ने बताया कि ग्रामप्रधान की ओर से सुविधाएं मुहैया नहीं करायी जा रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित ग्राम प्रधान के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
ग्राम प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज किया
श्रावस्ती। पंचायत सहायक की नियुक्ति में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान का वित्तीय पावर सीज कर दिया है। इसके साथ ही त्रिसदस्यीय समिति का गठन करके गांव के विकास कार्यों को कराने का आदेश दिया है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि विकास क्षेत्र गिलौला की ग्राम पंचायत डिकरा निवासी सुभदा शुक्ला ने पंचायत सहायक की नियुक्ति में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए हाईकोर्ट में अपील की थी। इस पर ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करके कारण बताने का निर्देश दिया गया था। लेकिन ग्राम प्रधान ने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर ग्राम प्रधान रुचि देवी का वितीय पावर सील कर दिया गया है।
