23 जून से सरकारी स्कूलों में होगा स्वागत सप्ताह समारोह
ग्रीष्मकालीन छुट्टी के बाद 23 जून को विद्यालय खुलने पर सभी सरकारी विद्यालयों में स्वागत सप्ताह मनाया जायेगा. स्वागत समारोह के दौरान नये सत्र के छात्रों के स्वागत के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन एवं शिक्षक-अभिभावक बैठक होगी. इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन छुट्टी के दौरान छात्रों को दिये गये होमवर्क व शैक्षणिक गतिविधियों पर शिक्षक छात्र व अभिभावकों के साथ संवाद करेंगे. इधर, 23 जून से जिले के सभी विद्यालयों में स्वागत सप्ताह समारोह मनाये जाने के लिए अपर मुख्य सचिव डॉक्टर एस सिद्धार्थ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिये हैं. अपर मुख्य सचिव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा है कि विद्यार्थियों में सरकारी विद्यालयों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए 23 जून को विद्यालय खुलने के बाद स्वागत समारोह का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों,
शिक्षक व अभिभावकों की बैठक के साथ अन्य समारोह का आयोजन होगा.
शैक्षणिक गतिविधियों पर शिक्षक छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करेंगे.
सभी स्कूल 23 जून को सज-धज कर होंगे तैयार
अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा है कि 23 जून को विद्यालय खुलने से पहले सभी विद्यालयों की साफ-सफाई कराते हुए सजाया जायेगा. विद्यालय को सजाने के बाद शिक्षकों की ओर से स्वागत समारोह का आयोजन किया जायेगा. विद्यालयों में आने वाले छात्र-छात्राओं का स्वागत कर विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में बैठाया जायेगा.
क्या कहते हैं डीइओ
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडे ने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश प्राप्त हुआ है कि जिले के सभी विद्यालयों में 23 जून से स्वागत सप्ताह मनाया जायेगा. स्वागत सप्ताह विद्यालय में आयोजित करने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया जा रहा है, ताकि जून से पहले सभी प्रधानाध्यापक विद्यालयों में स्वागत समारोह मनाने के लिए तैयारी पूर्ण कर लें.
