पटना। सरकारी स्कूलों के बच्चों के घरों में पढ़ने का एक कोना होगा। यह कोना हर घर एक पाठशाला के तहत होगा।
अभिभावक इस बात के लिए प्ररित किये जायेंगे कि घर के शांत कोने, जो दीवार के पास, खिड़की के पास या कम
आवाज वाली जगह हो, उसे पढ़ने का कोना बनायें। निर्धारित कोने में कुर्सी या फर्श पर चटाई या बोरा बिछा बैठने की जगह बनायें। कोने की दीवार पर पढ़ाई से संबंधित पोस्टर एवं रुटिन चिपका पढ़ाई का माहौल बनायें। वहां किताबें रखने के लिए पुराने डब्बे या गत्ते का उपयोग करें। उस निर्धारित कोने में पढ़ने के लिए माता-पिता बच्चे को प्रेरित करें।
इसके लिए अभिभावकों को अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी में प्रेरित किया जायेगा। राज्य भर के सरकारी स्कूलों में यह संगोष्ठी 31 मई को है। उसके अगले दिन से सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी होने वाली है। संगोष्ठी में अभिभावकों को शिक्षक यह बतायेंगे कि गामी की छुट्टी के लिए बच्चों को क्या क्या होमवर्क दिये गये हैं। अभिभावकों को बताया जायेगा कि हर घर एक पाठशाला है। अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में दी जायेगी। इसका थीम है-पढ़ेंगे, बढ़ेंगे और सीखेंगे हम। संगोष्ठी में अभिभावकों को विद्यालय से मिलने वाले सहयोग के बारे में बताया जायेगा। गर्मी की छुट्टी में बच्चों के सतत सीखने हेतु अभिभावकों को सशक्त एवं जागरूक किया जायेगा। संगोष्ठी के दिन स्कूलों में सरकार द्वारा दी जाने वाली शिक्षण सामग्रियों की प्रदर्शनी लगेगी।
उसमें स्टूडेंट टीएलएम किट, एफएलएन टीएलएम किट, पाठ्यपुस्तक, अभ्यास पुस्तिका एवं डायरी होंगे।
बच्चों को दी जाने वाली किताब, कॉपी, कलम, पेंसिंल, बैग, वाटर बोतल एवं डायरी का प्रदर्शन करते हुए शिक्षक उसके उपयोग के बारे में अभिभावकों को बतायेंगे। प्रारंभ में हर वर्ग शिक्षक
अपनी-अपनी कक्षा में अभिभावकों का स्वागत करेंगे। उनसे बच्चों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा करेंगे। संगोष्ठी में बच्चों की अकादमिक प्रगति, उनकी उपस्थिति, पोशाक, नाखून, बाल की नियमित साफ-सफाई, बच्चों का भोजन एवं पोषण तथा स्कूल में बच्चे के व्यवहार के बारे में भी अभिभावकों को जानकारी दी जायेगी।
