टीआरई-3 के शिक्षकों को 15 से 31 मई तक करना होगा योगदान
मुजफ्फरपुर । बिहार लोक सेवा आयोग से तीसरे चरण
में विद्यालय अध्यापक के लिए अनुशंसित अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म होगा। टीआरई-3 में सफल 58879 अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट्स तीन चरणों में हुई काउंसिलिंग में सही पाए गए हैं। विभाग की ओर से सभी को स्कूल आवंटित कर दिया गया है। आवंटित स्कूल में योगदान कराने के लिए 15 से 31 मई तक का समय दिया जाएगा। स्कूल में योगदान की तिथि से ही वेतन मिलेगा। शिक्षकों की नियुक्ति और पदस्थापन को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने सभी जिलों के डीईओ को आदेश जारी किया है। निदेशक ने कहा है कि जिन नव नियुक्त शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र उपलब्ध करा दिया गया है, उनका विद्यालय पदस्थापन पत्र और प्रारूप योगदान प्रपत्र सॉफ्टवेयर के माध्यम से 10 मई से प्रिंट किया जा सकता है। जिन्हें औपबंधिक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है, उनका पदस्थापन प्रपत्र व योगदान प्रपत्र के साथ ही औपबंधिक नियुक्ति पर भी 10 मई से सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रिंट किया जा सकता है। निदेशक ने कहा है कि शिक्षकों को 15 मई से योगदान करना है, ऐसे में आवश्यक है कि इससे पूर्व सभी डॉक्यूमेंट्स सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रिंट कराना सुनिश्चित करें।
