पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। निगरानी ने मंगलवार को पटना और वीरपुर (सुपौल) में दो सरकारीकर्मियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पटना में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के लिपिक पुंजय कुमार, जबकि वीरपुर में एसडीपीओ कार्यालय के रीडर बिट्टू कुमार को पकड़ा गया।
निगरानी के मुताबिक, पटना में एक राजकीय मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उनके निलंबन अवधि के जीवन निर्वहन भत्ता की शेष राशि के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद निगरानी डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम
ने मंगलवार को लिपिक पुंजय कुमार को 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। वहीं, निगरानी ने सुपौल के वीरपुर एसडीपीओ कार्यालय के रीडर बिट्ट कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भीमनगर के ललन कुमार ने शिकायत की थी कि रीडर गेस्ट हाउस में प्रविष्टि से संबंधित गड़बड़ी के मामले को समाप्त करने के लिए 30 हजार घूस मांग रहा है। इस पर निगरानी ने कार्रवाई की। रीडर बिहार पुलिस में स्टेनो दारोगा है।
