संवाद सहयोगी, जागरण गौड़ाबौराम (दरभंगा) जमालपुर थाना क्षेत्र के ढंगा मध्य विद्यालय के बीपीएससी उत्तीर्ण शिक्षक राकेश कुमार का अपहरण कर एक युवती से जबरन शादी करा दी। सूचना के बाद बिरौल एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने अपहृत शिक्षक को सकुशल मुक्त करा लिया। वह तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के जिरौना गांव का निवासी है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शिक्षक को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद स्वजन को सौंपा जाएगा।
प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार राय ने बताया कि अन्य दिनों की तरह मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे राकेश चतरा गांव स्थित किराये के आवास से विद्यालय जाने के लिए निकले, लेकिन नहीं पहुंचे। मोबाइल पर बात करने की कोशिश बेकार गई। तब राकेश के बहनोई अशोक कुमार से संपर्क किया तो अपहरण की जानकारी मिली। इसके बाद
एसडीपीओ को सूचना दी गई। जमालपुर थानाध्यक्ष के साथ अपहृत के बहनोई तिलकेश्वर थाना पहुंचे। वहां एक व्यक्ति को बुलाया गया।
पूछताछ में कहा कि भांजी से शादी के लिए अपहरण किया गया। सख्ती के बाद भी कोई पता नहीं बताया। इसके बाद छापेमारी कर अपहृत को मुक्त कराया गया।
शिक्षक के बहनोई ने बताया कि घटना से पहले कई बार युवती के मामा उसड़ी निवासी बबलू यादव, नरेश यादव ने शादी की नीयत से अपहरण की धमकी दी थी। फरवरी में बबलू कुछ रिश्तेदारों के साथ ढंगा मध्य विद्यालय जाकर शिक्षक को देखने गए थे। युवती के स्वजन को बताया गया कि शिक्षक दिव्यांग है। शिक्षक के पिता का दो जुलाई 2024 में निधन हो गया। इस कारण शिक्षक के अभिभावक बहनोई हैं। इस कारण समस्तीपुर के खुटौना जाकर देखने गए, लेकिन युवती पसंद नहीं आई।
