शनिवार को एक विद्यालय में प्रधानाध्यापक और रसोईया के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला आरा सदर प्रखंड में उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोरवरपुर का है।
इस संदर्भ में शाहाबाद बुद्धिजीवी मंच के संचालक सह विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने अपने ऊपर ड्यूटी अवधि में असामाजिक तत्वों के द्वारा जानलेवा हमला के विरुद्ध आरा मुफ्फसिल थाना में नामजद अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर के लिए आवेदन दिया है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि नामजद अभियुक्तों का नाम कृष्णा यादव, दिलीप यादव एवं संतोष
यादव है। मुझे विद्यालय से किसी तरह पुलिस की सुरक्षा में आरा लाया गया। मोबाइल फोन भी असामाजिक तत्त्वों ने अपने कब्जे में लेकर विद्यालय कक्ष में सरकारी सम्पत्ति का भी नुकसान पहुंचाया है। दूसरी ओर, विद्यालय की महिला रसोइया ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाया है।
मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानाध्यापक और रसोइया के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। दोनों की ओर से अलग-अलग आवेदन थाना में दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
