जागरण संवाददाता, पटना राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) परिसर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) मेला 2.0 का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार को आयोजित किया गया। मेले के अंतिम दिन शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों द्वारा लगाए गए टीएलएम स्टाल का निरीक्षण किया। एस. सिद्धार्थ ने कहा कि बच्चे आनंदित होकर विषय वस्तु के अवधारणात्मक तथ्यों को समझेंगे।
टीएलएम में मेले में राज्य के 38 जिलों से कुल 315 प्रतिभागी शिक्षक शामिल हुए थे। मेले के अंतिम दिन बुधवार को प्रत्येक विषय में बेहतर टीएलएम बनाने वाले शिक्षकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा हिंदी-छह, अंग्रेजी में छह, गणित-आठ, उर्दू-तीन और पर्यावरण अध्ययन में सात सांत्वना पुरस्कार दिया गया। एससीईआरटी के निदेशक सज्जन आर. डायट की निदेशक डा. रश्मि प्रभा, कार्यक्रम समन्वयक डा. सुनिता सिंह, डा. जैनेंद्र दोस्त, शिक्षक अरविंद कुमार मौजूद रहे।
