राज्य में गुरुवार को दोपहर के बाद आये आंधी-पानी में ठनका, दीवार और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 61 लोगों की मौत हो गयी. वहीं, करोड़ों रुपये की क्षति का अनुमान है. इसके साथ ही फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है. सबसे ज्यादा नालंदा जिले में 22 लोगों की जान चली गयी. इसमें एक ही घटना में मानपुर थाना के नगवां गांव में मंदिर पर पेड़ गिरने से छह लोगों की मौत हो गयी. कई लोग घायल हैं. सभी लोग आंधी-पानी से बचने के लिए मंदिर में छिपे थे, तभी पीपल का विशाल पेड़ उसी के ऊपर गिर गया. वहीं, इस्लामपुर प्रखंड के जैतीपुर में महिला और उसके दो पोते की जान चली गयी. तीनों जिस पुलिया के नीचे छिपे थे, उसकी दीवार टूट कर गिर गयी. रहुई प्रखंड के देकपुरा गांव में मुर्गी फार्म की दीवार गिरने से मां-बेटे की मौत हो गयी. सिलाव में दो और बेन व गिरियक में एक-एक की मौत गयी, दर्जनों घरों के छप्पर, टीन के सेड, छतों पर लगी सोलर प्लेट तथा दुकानों की साइन बोर्ड आदि उड़ गये. इस आपदा को देखते हुए डीएम ने बिहारशरीफ में सभी डॉक्टर तथा कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी है और आपातकालीन नंबर जारी किया है. इधर, कोसी-सीमांचल व पूर्व बिहार में ठनका से नौ की मौत हो गयी. पटना व गया में भी चार-चार लोगों की जान चल गयी.
मौत पर सीएम मर्माहत अनुदान देने का निर्देश
पटना. आंधी-पानी से प्रदेश में हुई मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मर्माहत हैं. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना जतायी है. उन्होंने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने सभी मृतक के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं. साथ ही मुख्यमंत्री ने अपील की है कि खराब मौसम में घरों में रहे और सुरक्षित रहे.
फसलों को नुकसान
उत्तर बिहार के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, शिवहर और मुजफ्फरपुर जिले में आंधी-पानी से गेहूं व मक्का और लीची की फसल को नुकसान हुआ है.
ट्रेन-विमान सेवा बाधित
आंधी-पानी का असर ट्रेन और विमान पर भी देखने को मिला. कई जगह पर हेड वायर टूटने के कारण दर्जनों ट्रेनें प्रभावित रहीं. पटना जंक्शन पर आधा दर्जन ट्रेनें भी घंटों देरी से आयी. इधर, दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट बनारस और कोलकाता से पटना आने वाली दुर्गापुर डायवर्ट की गयी. साथ ही मुंबई, दिल्ली और रांची से एक-एक विमान भी देर से आये गये.
