पटना, कार्यालय संवाददाता। सोमवार से राज्य के सभी सरकारी स्कूल मॉर्निंग शिफ्ट में सुबह 6:30 बजे से शुरू हुए। मॉर्निंग शिफ्ट होने के पहले दिन ही पटना के 2397 सहित प्रदेशभर में 42 हजार शिक्षक देर से स्कूल पहुंचे। इन शिक्षकों ने सुबह सात बजे के बाद हाजिरी बनाई।
इधर, मॉर्निंग शिफ्ट होने के बाद कई विद्यालयों में 90% तक बच्चों की उपस्थिति रही तो कहीं 50% से भी कम छात्र पहुंचे। अदालत गंज स्थित राजकीय कन्या मध्य
विद्यालय में 90% उपस्थिति रही। वहीं प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी में बच्चों की उपस्थिति 50 फीसदी से भी कम रही।
स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि बच्चों की उपस्थिति को लेकर उनके अभिभावकों को भी जागरूक करें। प्राचार्य इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति शत प्रतिशत हो। मालूम हो कि इस माह के अंत में दूसरी कक्षा से आठवीं तक के बच्चों की जांच परीक्षा भी होनी है। विद्यालयों में रिवीजन कक्षाएं चल रही हैं। वहीं शिक्षकों की लेटलतीफी को लेकर सख्ती अपनाई गई है। स्कूल में विलंब से पहुंचने पर शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
