वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। नये साल पर साइबर ठग भी सक्रिय हैं। नये-नये तरीके से मैसेज भेजकर ठगी का शिकार बना सकते हैं। इसके लिए ड्रैगन एसएमएस जैसे साफ्टवेयर का सहारा ले रहे हैं। मास्क लिंक भेजकर मोबाइल हैक सकते हैं।
साइबर ठगों का गिरोह भी बाजार, उत्सव, माहौल आदि को देखकर अपना पैंतरा बदलते रहते हैं। अमूमन कोई पर्व हो या फिर खास अवसर, सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को बधाई देना आम बात है। इसके जरिये साइबर ठग भी मोबाइल के जरिये आपके बैंक खाते तक सेंधमारी करने की कोशिश में हैं। साइबर थाना के एक्सपर्ट शिशिर सिंह बताते हैं, इस समय बहुतायत संख्या में लोगों को लिंक वाले बधाई मैसेज भेजकर ठगी का प्रयास हो रहा है। भलाई इसी में है कि अनजान नंबरों से आने वाले लिंक पर क्लिक ही न करें।
शिशिर सिंह ने बताया कि साइबर ठग मास्क लिंक भेज रहे हैं। इसमें असली लिंक छिपा रहता है। ऊपर से कुछ और दिखेगा, क्लिक करते ही लिंक के जरिये मोबाइल हैंग हो जाएगा। इसके बाद वे निजी जानकारियां ले लेते हैं, ब्लैकमेल कर ठगी या फिर यूपीआई के जरिये पैसे की निकासी कर लेते हैं।
ठगी से बचेः बड़ी बाजार के नईम को क्रिसमस पर मैसेज आया था। ऊपर एपीके फाइल दिख रही थी। नीचे बधाई के संदेश और लिंक थे। अनजान नंबर से बधाई संदेश देखकर चौंके। उन्होंने क्लिक नहीं किया।
