जिले में शिक्षिका रहस्यमय तरीके से लापता, ससुराल पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप

 *वैशाली में शिक्षिका रहस्यमय तरीके से लापता, ससुराल पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप*



*जंदाहा / वैशाली।* बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड के महिषौर थाना क्षेत्र अंतर्गत महीपुरा पंचायत के मुर्तुजापुर गांव से एक BPSC शिक्षिका के रहस्यमय तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लापता शिक्षिका की पहचान 26 वर्षीय शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। पिता कुंदन राय ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है।


जानकारी के अनुसार शिवानी कुमारी की शादी 5 फरवरी 2026 को गौरव अभिषेक से हुई थी, जो भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर हैं। पिता का आरोप है कि शादी में 30 लाख नकद, स्कॉर्पियो समेत दहेज देने के बाद भी बेटी को नए मकान के नाम पर पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।


घटना 25 नवंबर की है। ससुर अभिनंदन कुमार राय ने फोन कर पिता को बुलाया और बेटी के लापता होने की बात कही। उसी दिन लड़का पक्ष ने महिषौर थाना में लापता होने का आवेदन दिया। अगले दिन गुरुवार सुबह जब पिता दोबारा ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लटका था और सभी सदस्य मोबाइल बंद कर फरार थे।

शेष 👇🏽👆🏻


शिवानी 2023 में BPSC पास कर शिक्षिका बनी थी और ससुराल के पास के स्कूल में पदस्थापित थी। पिता का आरोप है कि छुट्टी के लिए जबरन आवेदन दिलवाया गया था। 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन सामने आया है।


सूचना पर जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिषौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। FSL ने कमरे से खून जैसे संदिग्ध नमूने जब्त किए हैं, रिपोर्ट का इंतजार है। डॉग स्क्वायड को भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।


पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मायके पक्ष की ओर से महिषौर थाना में आवेदन दिया गया है।


Previous Post Next Post