प्रभार नहीं मिलने से दो माह से एमडीएम बाधित
प्रखंड क्षेत्र के राजकीय उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में पूर्व प्रधानाचार्य द्वारा प्रभार नहीं सौंपे जाने के कारण विद्यालय का प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि विद्यालय में पिछले करीब दो महीने से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना बाधित है, वहीं विकास मद, रंगरोगन, विद्यालय के रखरखाव तथा बच्चों के परिभ्रमण से संबंधित राशि का उठाव भी नहीं हो पा रहा है। जानकारी के अनुसार विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य तारकेश्वर पांडेय का स्थानांतरण सारण जिले में हो गया है। उन्होंने 16 जनवरी को वहां योगदान भी दे दिया है, बावजूद इसके लगभग दो महीने बीत जाने के बाद भी उन्होंने विद्यालय का प्रभार वर्तमान प्रधानाध्यापक को नहीं सौंपा है।
वर्तमान प्रधानाध्यापक अजय कुमार तिवारी ने बताया कि इस संबंध में बीआरसी में दो बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है। उन्होंने 10 फरवरी तथा सात मार्च को आवेदन देकर प्रभार दिलाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रभार नहीं मिलने के कारण विद्यालय के खाते से राशि का उठाव संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक कुल 182 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि यहां आठ शिक्षक कार्यरत हैं। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने बताया कि विद्यालय में हुई अनियमितता को लेकर वरीय पदाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत करा दिया गया है।
