पुलिस ने शिक्षक से रंगदारी व भयादोहन करने वाले सात यूट्यूबर को भेजा जेल
सरकारी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के खिलाफ फेसबुक और यूट्यूब पर कथित रूप से झूठे वीडियो डालकर भयादोहन करने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात यूट्यूबर (आरोपियों) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है।
मालूम हों कि थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय धनखरैया के हेडमास्टर अभिनव कुमार ने आवेदन देकर कहा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और यूट्यूब पर झूठे व भ्रामक वीडियो अपलोड कर शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को बदनाम करने के साथ-साथ उनसे भयादोहन करने का प्रयास कर रहे थे। साथ ही इन गतिविधियों से सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात (यूट्यूबर) आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीता बाबू टोला के त्रिलोकी सिंह के पुत्र रौनक कुमार, मठलोहियार के पंकज कुमार व उनकी पत्नी रविना यादव, हरसिद्धि वार्ड संख्या छह के जयप्रकाश पांडेय के पुत्र उपकार पांडेय, धनखरैया रंजीता के चुमन सिंह के पुत्र विकास सिंह व अभिषेक सिंह और रंजीता के स्वर्गीय रामबली सिंह के पुत्र झुन्नू सिंह शामिल हैं।
