सरकारी स्कूलों में आज सजेगी शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार, जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी" का आयोजन किया जाएगा। इस माह की संगोष्ठी का मुख्य विषय परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी रखा गया है। परिषद के निदेशक ने स्पष्ट किया है कि हर महीने के अंतिम शनिवार को होने वाली इस बैठक का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अभिभावकों के साथ बच्चों के प्रदर्शन, उनकी कमजोरियों और
सुधार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार, एकमा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी योगेंद्र बैठा ने सभी स्कूलों को संगोष्ठी की रिपोर्ट निर्धारित लिंक पर अपडेट करने का आदेश दिया है। गौसपुर विद्यालय में विशेष तैयारी एकमा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर के प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी ने बताया कि संगोष्ठी की सफलता के लिए पोषक क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। शिक्षकों के माध्यम से व्यक्तिगत सूचना और बच्चों की डायरी में संदेश भेजकर अभिभावकों को शनिवार सुबह 10:30 बजे विद्यालय पहुँचने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस पहल से आगामी परीक्षाओं में बच्चों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
