छात्रा से छेड़खानी करने वाले गिरफ्तार शिक्षक को शिक्षा विभाग ने किया निलंबित, स्कूल में शर्मनाक हरकत!

छात्रा से छेड़खानी करने वाले गिरफ्तार शिक्षक को शिक्षा विभाग ने किया निलंबित, स्कूल में शर्मनाक हरकत!


एक सरकारी मध्य विद्यालय में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्कूल की ही एक नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर छेड़खानी का संगीन आरोप लगा दिया। घटना के बाद परिसर में हंगामा मच गया और गुस्साए छात्र-छात्राओं ने आरोपी टीचर की पिटाई कर दी। मामला अब आपराधिक धाराओं के तहत दर्ज हो चुका है और आरोपी सलाखों के पीछे है।


गुरुवार को दोपहर करीब 1:30 बजे नालंदा के नूरसराय थाना को सूचना मिली कि मकनपुर-दहपर स्थित मध्य विद्यालय में एक छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत की गई है। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया गया और तत्परता दिखाते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा कायम किया गया।


पुलिस ने नामजद आरोपी शिक्षक नरोत्तम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह दरुआरा गांव का निवासी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी सख्त रुख अपनाया और आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


इधर, छात्राओं के आरोपों के बीच कुछ शिक्षकों ने इसे अनुशासनात्मक विवाद से उपजी साजिश करार दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश होगी।


मामले की पुष्टि करते हुए संजय कुमार जायसवाल, सदर डीएसपी-2 (बिहारशरीफ), ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अनुसंधान जारी है।


स्कूल जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह के आरोपों ने इलाके में आक्रोश और चिंता दोनों पैदा कर दी है। पुलिस ने साफ किया है कि नाबालिग से जुड़े मामलों में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

Previous Post Next Post