लखनौर में 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को मिलेगी प्रोन्नति
लखनौर, निज प्रतिनिधि । लखनौर प्रखंड के शिक्षकों के प्रोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। बारह वर्ष की सेवा पूरी करने वाले नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों से प्रमाण पत्रों की मांग की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश्वर राम ने पत्र जारी कर बारह वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सभी योग्य शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर समेकित कर सभी वांछित प्रमाण के अन्दर बीआरसी लखनौर मे जमा करने का निर्देश दिया है। ताकि प्रोन्नति मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई प्रारंभ की जा सके। सभी नियोजित शिक्षक प्रपत्र एक तथा विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक एवं प्रधान शिक्षक प्रपत्र दो में वांछित सूचनाए प्रविष्ट करेंगे।
प्रपत्र के साथ सभी शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, दक्षता व शिक्षक पात्रता प्रमाण पत्रों की स्व अभिप्रमाणित छाया प्रति भी जमा करना होगा। लम्बे समय के बाद प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने से शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है। आवश्यक योग्यता रहने के बाद भी प्रोन्नति से वंचित थे। इसके लिए लगातार शिक्षक संगठन संघर्षरत थे। जानकारों का कहना है कि नियमानुसार समय पर प्रोन्नति होने से शिक्षा के गुणवत्ता मे सुधार होता है। संकुल समन्वयक डॉ विजय कुमार मिश्र ने बताया कि लखनौर प्रखंड में तीन सौ से अधिक शिक्षक प्रोन्नति से लाभान्वित होंगे। प्रोन्नति का काम पारदर्शिता के साथ शीघ्र पूर्ण कर लेने की बात बताई जा रही है।
