पाठ सूची से होगी परीक्षा व पढ़ाई
सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के छात्रों को निःशुल्क वितरित होने वाली पाठ्य पुस्तक के प्रारंभ में विषय वस्तु के तहत माहवार पढ़ाई जाने वाली पाठ सूची भी मुद्रित की गई है। पाठ सूची के आधार पर विद्यालय के शिक्षक पाठ्य योजना तैयार करेंगे। इसी आधार पर हर विषय के अध्याय की पढ़ाई कक्षा में कराई जाएगी।
सिलेबस को पूरा करने के बाद स्कूलों में मासिक, त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक एवं वार्षिक मूल्यांकन व परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। पुस्तक पर पाठ सूची अंकित रहने. से छात्रों व अभिभावकों को हर माह पढ़ाए जाने वाले चेप्टर की जानकारी रहेगी। जिला शिक्षा कार्यालय की डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान बबीता कुमारी ने बताया कि पाठ सूची के आधार पर स्कूलों
को कक्षा संचालन का निर्देश दिया गया है। विद्यालय जांच के दौरान पाठ सूची से पढ़ाई की जानकारी ली जाती है। कई जगहों पर पाठ सूची के आधार पर कक्षा संचालन नहीं होने के मामले सामने आते हैं।
विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी लगेगी पाठ सूची
पाठ सूची के अनुसार पठन-पाठन के संबंध में राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने भागलपुर समेत राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अधिसूचना जारी की है। पत्र के अनुसार, कक्षा एक से आठ तक के विभिन्न विषयों से संबंधित पाठ्यपुस्तकों की पाठ-सूची के प्रिंट आउट को संबंधित कक्षा की दीवारों पर और विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चिपकाया जाए। ताकि सभी शिक्षक, बच्चे, अभिभावक, शिक्षा पदाधिकारी इत्यादि यह पता कर सके कि किस माह में बच्चों को कौन-कौन से पाठ पढ़ाया-सिखाया जाना है।
