छात्राओं से मारपीट मामले में प्रभारी प्रधानाचार्य निलंबित
छात्राओं को कमरे में बंद कर पिटाई मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. तनवीर आलम ने जनता उच्च विद्यालय, सिरारी के प्रभारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार रजक को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि 12 दिसंबर को विद्यालय में ड्रेस और बैग नहीं लाने पर कई छात्राओं को एक कमरे में बंद कर उनके साथ मारपीट की गई थी। इसके कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद शिक्षा विभाग द्वारा जांच शुरू की गई।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही यह भी सामने आया कि सुरेंद्र कुमार रजक गलत तरीके से विद्यालय भवन के एक कमरे में रह रहे थे। इसके बावजूद सरकारी आवास भत्ता का लाभउठा रहे थे। इसे वित्तीय अनियमितता माना गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, शेखोपुरसराय के कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की भी अनुशंसा की गई है।
