शिक्षकों ने मांगा राज्यकर्मी का वेतन
स्थानीय गांधी मैदान में रविवार को स्नातक ग्रेड प्रशिक्षित
शिक्षक संघ की हुई बैठक में राज्यकर्मी. बने शिक्षकों को राज्यकर्मियों के अनुरूप वेतन देने की मांग की गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्नातक ग्रेड प्रशिक्षित शिक्षक संघ बिहार के अध्यक्ष पिन्टु कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में लगभग 5.30 लाख शिक्षक राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन इन्हें अभी तक राज्य कर्मी का वेतन नहीं दिया जा रहा है। यह अत्यंत ही चिंतनीय है । बिहार में राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त कर चुके शिक्षकों को राज्य कर्मी का वेतन कैसे प्राप्त हो, इस मुद्दे बैठक में विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों की विभिन्न समस्याएं जैसे प्रोन्नति, वेतन विसंगति, पदस्थापन एवं विभिन्न जिलों में बकाये मद की राशि के भुगतान में आने वाली कठिनाइयों पर भी जिलों से आए हुए शिक्षकों ने अपना-अपना विचार रखा । पटना जिले के उदय शंकर सिंह ने कहा कि पटना जिला शिक्षा कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। इस वजह से शिक्षकों को विरमन तिथि से ग्रेड-पे का भुगतान आज तक नहीं किया गया। इसे लेकर शिक्षक काफी आक्रोशित हैं।
