बकाया भुगतान को शिक्षकों से 30 तक मांगा आवेदन
बकाया भुगतान के लिए 30 अक्टूबर तक माध्यमिक शिक्षकों से आवेदन मांगा गया है। बुधवार को शिक्षा भवन में जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना के साथ बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।
प्रमंडल सचिव देव शंकर प्रसाद सिंह, जिला अध्यक्ष रामप्रीत राय एवं अनुमंडल अध्यक्ष पश्चिमी अमरेश कुमार उपस्थित थे। इसमें पूर्व में जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के द्वारा दिए गए ज्ञापन पर अबतक हुई कार्य प्रगति पर
चर्चा हुई, जिसमें बकाया वेतन भुगतान, अक्टूबर माह के वेतन भुगतान, नवनियुक्त प्रधानाध्यापक के वेतन भुगतान आदि शामिल थे। जिला अंतर्गत सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत सभी कोटि के शिक्षकों को कहा गया कि किसी भी तरह के बकाया भुगतान के लिए फॉर्मेट में डिटेल भरकर (सभी कागजात के साथ) एचएम की अनुशंसा के साथ जिला कार्यालय में जमा करें। डीईओ ने छठ को लेकर सभी कोटि के शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के अक्टूबर का वेतन भुगतान समय पर करने का आश्वासन दिया।
