पीएम श्री विद्यालय के अध्यापक पर किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप
चंदौसी। नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बनियाठेर थाना क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय में तैनात शिक्षक पर नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया। पीड़ित का आरोप है शिक्षक और उसकी विद्यालय में तैनात शिक्षिका पत्नी ने उसकी बेटी और भांजी को एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोप है कि शिकायत के एक माह बाद भी थाना पुलिस ने अभी तक पीड़ित पिता की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की, बल्कि पिता पर ही फैसला करने का पुलिस दबाव बना रही है। पीड़ित ने अब कमिश्नर से मदद की गुहार लगाई है।
कमिश्नर को दिए शिकायतीपत्र में पीड़ित पिता ने बताया कि 26 जुलाई को वह अपनी नाबालिग बेटी के साथ भांजी का कक्षा छह में प्रवेश कराने के लिए सरकारी विद्यालय में गया था। उसने विद्यालय के परिसर में बाइक खड़ी कर दी और बेटी को बाइक के पास ही रुकने को कहा। इसके बाद वह अपनी भांजी को लेकर प्रधान अध्यापिका कार्यालय में प्रवेश कराने के लिए चला गया।
थोड़ी देर बाद उसकी बेटी रोते बिलखते पीड़ित के पास आई और रोते- रोते बताने लगी कि स्कूल में तैनात अध्यापक ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। जब पीड़ित ने इसकी शिकायत उसकी प्रधानाध्यापिका से की तो अध्यापक व उसकी पत्नी ने बेटी और भांजी को विद्यालय के एक कमरे में बंद कर दिया और कमरे के बाहर ताले लगा दिए और दोनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने अपने साले को बुलाकर पुलिस को सूचना दे दी। तब आरोपियों ने भी थाने में फोन कर मनगढ़त कहानी बनाई।
सूचना पर आई पुलिस पीड़ित और उसकी बेटी व भांजी और बाइक को अपने साथ थाना बनियाठेर ले गई। आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित पिता पर जबरन फैसले का दबाव बनाया। वह नहीं माना, तो पुलिस ने पीड़ित व उसकी बेटी व भांजी को छोड़ दिया लेकिन उसकी बाइक थाने में ही रोक ली। पीड़ित का कहना है कि थाना पुलिस न तो उसकी रिपोर्ट लिख रही है और न ही उसकी बाइक को छोड़ रही है जबकि घटना को हुए एक महीने का समय पूरा होने वाला है।
