परीक्षा में वीक्षण व मूल्यांकन दूसरे स्कूलों के शिक्षक करेंगे
प्रखंड क्षेत्र में प्रारंभिक विद्यालयों में 10 सितंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित होगी। बीईओ समीक्षा झा ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में परीक्षा के दौरान बीक्षण का कार्य दूसरे विद्यालयों के शिक्षक करेंगे। कापियों का मूल्यांकन भी दूसरे विद्यालय के शिक्षकों द्वारा कराया जाएगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की ओर से यह निर्देश जारी किया गया है।
निर्देश में कहा गया है कि स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए अर्द्धवार्षिक परीक्षा में प्रत्येक विद्यालय में वीक्षण का कार्य दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा कराने का निर्णय लिया गया है। छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी
दूसरे विद्यालय के शिक्षकों द्वारा होगा। शिक्षकों द्वारा किए जा रहे शिक्षण का मूल्यांकन का आधार उस विद्यालय में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के परीक्षाफल पर निर्धारित होगा। साथ ही, संबंधित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षणिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन की सेवा पुस्तिका में अंकित किया जाएगा।
सुभी शिक्षकों को कहा गया है कि इस वर्ष की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का पाठ्यक्रम परीक्षा के पूर्व समय पर पूरा करेंगे। यदि आवश्यक हो तो इस कार्य के लिए संबंधित शिक्षक अतिरिक्त कक्षा का भी आयोजन कर सकेंगे ताकि संबंधित विद्यालय के बच्चे इस अर्द्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे अंकों से सफल हो सकें
