शिक्षक खटखटायेंगे राजनीतिक दलों के दरवाजे
पटना। शिक्षक राजनीतिक दलों के दरवाजे खटखटायेंगे। उसके बाद भी बात नहीं बनी, तो हड़ताल पर जायेंगे।
इस पर बिहार स्टेट टीचर्स एसोसियेशन (गोपगुट) के सम्मेलन में सहमति बनी है। यह सम्मेलन रविवार को यहां आई. एम. ए. हॉल में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में माले विधायक संदीप सौरव ने कहा कि वे पहले भी शिक्षकों के संघर्ष में साथ थे। आगे भी रहेंगे। सड़क से सदन तक उन्होंने शिक्षकों के मांगो को प्रमुखता से रखा है। आगामी संघर्ष में भी साथ रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजद महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कांति सिंह ने कहा कि प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव एवं उनकी पार्टी पहले भी शिक्षकों के मांगो के समर्थन में खड़ी थी और आगे भी रहेगी। सत्ता में आते ही शिक्षकों के तमाम मसलों का हल निकाला जायेगा। तिरहुत स्नातक क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी व जनता दलयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि सरकार शिक्षकों के मांगों के प्रति
संवेदनशील है। वे शिक्षकों के मांगों के साथ खड़े हैं। सभी समस्याओं का शीघ्र हल निकले, इसके लिए वे सार्थक पहल करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक ने की। संचालन महासचिव शाकिर इमाम तथा सचिव नाजिर हुसैन ने किया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पाण्डेय ने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर शिक्षक 10, 11, 16 एवं 17 अगस्त को सभी राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक एवं विधान पार्षद के दरवाजे खटखटायेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई, तो 31 अगस्त को राज्य भर के प्रतिनिधि एवं अन्य शिक्षक संगठनों के साथ बैठक करके हड़ताल की दिशा में शिक्षक आगे बढ़ेंगे। उन्होंने तत्काल स्थानांतरण, विशिष्ट शिक्षकों का समस्थानिक वेतन निर्धारण, सातवें वेतन के अनुरूप वेतनमान, पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राज ने कहा की 6-8 के स्नातक शिक्षकों का मूल वेतन
9-10 स्नातक शिक्षकों के बराबर हो तथा 4 वर्ष सेवा पूर्ण कर चुके स्नातक ग्रेड 6-8 को शिक्षकों का मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति दिया जाय। प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत सिंह यादव एवं प्रदेश सचिव हिमांशु शेखर ने कहा की बचे हुए सभी नियोजित शिक्षकों को बिनाशर्त राज्यकर्मी घोषित किया जाय।
सम्मेलन में शामिल होने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राज, बसंत कुमार सिंह, जयप्रकाश सिंह, प्रदेश सचिव नाजिर हुसैन, संजीत कुमार गुड्डू, हिमांशु मिश्रा, कुमार अमिताभ, पंकज कुमार, नीरज कुमार, संतोष कुमार, तारिक अनवर, राकेश रंजन मिश्रा, सत्यनारायण सिंह, भास्कर सिंह मनीष कुमार यादव, प्रेम शंकर सिंह, चंदन पटेल, अशोक साहू, प्रियरंजन सिंह, संदीप पासवान, दानिश अली अकबर, रवीश कुमार, प्रमोद मंडल अरुण कुमार, प्रवीण सिंह, सुबोध कुमार सुमन, जयप्रकाश भगत, अजय कुमार किशोर, मनीष कुमार बालेश्वर यादव विद्या भूषण प्रवीण कुमार क्षितिज प्रकाश अमित कुमार सुमन,
प्रेम शंकर सिंह, केषनाथ राय जाकिर अंसारी जयप्रकाश, श्वेता कुमारी मो. शमशाद अरुण कुमार एवं उत्तम कुमार के नाम उल्लेखनीय हैं।
11वीं में स्पॉट नामांकन के लिए आज से आवेदन
पटना (आशिप्र)। राज्य में इंटरमीडिएट की पढ़ाई वाले स्कूलों में 11 वीं कक्षा में खाली रह गयी सीटों पर स्पॉट नामांकन के लिए सोमवार से दो दिनों तक आवेदन पड़ेंगे।
स्पॉट नामांकन के तहत उन छात्र-छात्राओं का दाखिला होगा, जिनका चयन तीसरी सूची में भी नहीं हुआ अथवा जिन्होंने अभी तक ओएफएसएस के माध्यम से आवेदन नहीं किया अथवा जिन्होंने ओएफएसएस में चयन होने के बाद भी नामांकन नहीं लिया।
स्पॉट नामांकन के लिए स्कूलों में चयन सूची छह अगस्त को जारी होगी। उसी दिन एक प्रतीक्षा सूची भी जारी की जायेगी। स्पॉट नामांकन 10 अगस्त तक होगा। @pky
