प्रधान शिक्षक अभ्यर्थियों ने फिर मांगा जिला-प्रखंड चयन का मौका
पटना । प्रधान शिक्षक पद पर योगदान नहीं करने वाले अभ्यर्थियों ने पुनः जिला एवं प्रखंड के चयन का मौका मांगा है।
इस बाबत टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन दिया है। संघ के प्रदेश संयोजक राजू सिंह और प्रदेश अध्यक्ष संजीत भारती ने कहा कि अल्प वेतन और अत्यधिक दूरी पर पोस्टिंग होने की वजह से बड़ी संख्या में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित प्रधान शिक्षक योगदान नहीं कर पाये। कई चयनित अभ्यर्थी घर के वृद्ध व बीमार सदस्यों के ईलाज व देखभाल की वजह से तो महिला अभ्यर्थियों ने घरेलू जिम्मेदारी के कारण अधिक दूरी पर पोस्टिंग की वजह से प्रधान शिक्षक पद पर योगदान नहीं दिया
है। ऐसे चयनित अभ्यर्थियों को नजदीक में पोस्टिंग देने के लिए एक बार फिर जिला एवं प्रखंड के चयन का अवसर देने का आग्रह ज्ञापन में किया गया है।
इस बीच प्रधान शिक्षकों के रिक्त पदों पर पुनः ऐच्छिक जिला एवं ब्लॉक का ऑप्शन मांगने के लिए बिहार विधान परिषद के सदस्य वंशीधर ब्रजवासी ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र दिया है। पत्र में कहा गया है कि पदस्थापित गृहजिले में रिक्ति रहने के बाद भी अन्य जिले में स्कूल आवंटित होने, दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थियों को भी अत्यधिक दूरी वाले स्कूल आवंटित होने एवं पति-पत्नी को अलग-अलग स्कूल आवंटित होने की वजह से ऐसे चयनित अभ्यर्थियों ने योगदान नहीं किया है।
