लाउडस्पीकर से 9:15 बजे स्कूल खुलने का ऐलान होगा, अब देर से पहुंचने वाले छात्र गैर हाजिर होंगे
बिहार के सभी जिलों में हर दिन सुबह 9:15 बजे सरकारी स्कूल के खुलने का ऐलान लाउडस्पीकर से किया जाएगा। इसके बाद 9:30 बजे स्कूल का गेट बंद कर दिया जाएगा। देर से स्कूल पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही डायरी पर देर से आने की जानकारी लिखी जाएगी। चेतना सत्र के दौरान सभी छात्र व शिक्षकों की फोटोग्राफी होगी। इसे कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा मुख्यालय को भेजा जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. सिद्धार्थ ने सभी डीईओ को निर्देश दिया है।
स्कूल से छात्र यदि गैर हाजिर होते हैं, तो उसकी जवाबदेही उसके माता-पिता की भी होगी। लगातार गायब रहने वाले छात्रों के माता-पिता को स्कूल बुलाएगा। 3 बार बुलाने के बाद भी यदि वह स्कूल नहीं आते हैं, तो सरपंच, मुखिया के माध्यम से उन्हें बुलाया जाएगा।
पहली घंटी में गणित और दूसरी में विज्ञान की पढ़ाई होगी: पहली,
दूसरी और तीसरी घंटी में क्रमशः गणित, विज्ञान और हिंदी या अंग्रेजी की पढ़ाई होगी। साथ ही स्कूलों में पीटी, शारीरिक अभ्यास, खेल सहित अन्य गतिविधियां होंगी। प्रत्येक कक्षा के लिए 1-1 महीने के लिए मॉनिटर का चयन किया जाएगा, जो कक्षा के सभी छात्रों की चेतना सत्र और वर्ग कक्षा में उपस्थिति अनिवार्य करेंगे।
