शिक्षक की नौकरी से हटाया गया तो बन गया सेटर, दो परीक्षा माफिया गिरफ्तार

 शिक्षक की नौकरी से हटाया गया तो बन गया सेटर, दो परीक्षा माफिया गिरफ्तार



जक्कनपुर थाने की पुलिस ने दो परीक्षा माफियाओं को गिरफ्तार कर लिया. नालंदा के बेन थाने के भगवानपुर का रहने वाला अजय कुमार सिन्हा और समस्तीपुर के सरायरंजन के उदय कुमार झा उर्फ अविनाश को पुलिस ने पकड़ा है. दोनों के पास से पुलिस ने 23 अभ्यर्थियों का शैक्षणिक प्रमाण पत्र, विभिन्न बैंकों का ब्लैंक और भरा हुआ चेक बरामद किया है. दोनों ने पुलिस को बताया कि वे लोग टीआरइ की परीक्षा में पास करा देने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से उनके डॉक्यूमेंट और चेक ले रहे थे. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि इन लोगों ने 3 अभ्यर्थियों से लाखों लेकर टीइटी की परीक्षा में पास कराया है.

पुलिस इसके गिरोह के 5 अन्य शातिरों को तलाश रही है. दरअसल जक्कनपुर थाने की पुलिस एक गुमशुदा युवती की तलाश करने के लिए मीठापुर स्थित माधव इंटरनेशनल होटल में छापेमारी की. एक कमरे में अजय मिला. पूछताछ हुई तो उसके पास से डॉक्यूमेंट और चेक बरामद हुए. उसने बताया कि उसे सारा डॉक्यूमेंट समस्तीपुर का उदय दिया है. इसके बाद पुलिस उदय की तलाश में छापेमारी करने समस्तीपुर गयी. अजय पुराना परीक्षा माफिया है. साल 2015 में उसे गांधी मैदान थाने की पुलिस जेल भेज चुकी है. परीक्षाओं में धांधली करने के आरोप में ही उसे हाई स्कूल के शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था. 2010 से ही अजय और उदय प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली कर रहा है.

पूरे पैसे देने पर लौटाता था ऑरिजिनल डॉक्यूमेंट

दोनों ने पुलिस को बताया कि वे अभ्यर्थियों से 2 से 3 लाख एडवांस में लेते हैं और उनका शैक्षणिक डॉक्यूमेंट अपने पास रख लेते हैं. परीक्षा में सफल होने के बाद जब पूरे पैसे दे देते हैं तब ऑरिजिनल डॉक्यूमेंट लौटाया जाता है. दोनों के पास से पुलिस बीपीएससी इंजीनियरिंग, टीआरई, टीईटी और इंजीनियरिंग की परीक्षाओं के कागजात भी बरामद की है. दोनों से पूछताछ में कई नामों का खुलासा हुआ है. बताया कि दोनों टीआरइ और टीइटी की परीक्षाओं में भूषण, बॉबी और एक मैडम के माध्यम से सेटिंग करता है. पुलिस दोनों दावों की जांच कर रही है.


Previous Post Next Post