राज्य के 22 हजार शिक्षकों को करना होगा ब्रिज कोर्स
पटना, कार्यालय संवाददाता। प्राथमिक विद्यालयों में नौकरी बचाने के लिए बिहार के लगभग 22 हजार शिक्षकों को ब्रिज कोर्स करना होगा। यह कोर्स उन बीएडधारी शिक्षकों को करना होगा, जो प्राथमिक विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा में पढ़ाने के लिए नियुक्त हुए थे।
इनके लिए जल्द राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान कोर्स की शुरुआत करेगा। अलग से पोर्टल भी इसके लिए तैयार किया जा रहा है। ये 22 हजार वैसे शिक्षक हैं, जो 2018 के बाद और 2023 से पहले प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्त हुए थे। प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1-5) में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन यानी डीएलएड करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति मान्य है। लेकिन इनमें बीएडधारी यानी 6-8 में पढ़ाने वाले शिक्षकों की नियुक्ति हो
गई थी। कोर्स का कर्मेसमेंट जल्द ही एनआईओएस करेगा। कोर्स ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड (ओडीएल) मोड में होगा। कोर्स कराने का उद्देश्य माध्यमिक स्तर में पढ़ाने वाले शिक्षकों को प्राथमिक स्तर में पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित करना है। एनआईओएस ने सभी क्षेत्रीय कार्यालय में पोर्टल के निर्माण को लेकर पत्र जारी किया है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने कहा है कि कोर्स शुरू होने के एक साल में शिक्षकों को यह पूरा करना होगा। जो शिक्षक इस कोर्स में शामिल नहीं होते हैं, या कोर्स पूरा करने में फेल होते हैं उनकी नौकरी जा सकती है।
