बाढ़ प्रभावित स्कूल के शिक्षक दूसरे स्कूल से टैग हुए
पटना जिले के 19 पंचायत में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के 78 स्कूलों को बंद कर दिया गया है। यहां के शिक्षकों को आसपास के स्कूलों से टैग कर दिया गया है। दूसरे स्कूलों में टैग किए शिक्षकों को वहीं ऑनलाइन हाजिरी बनाने का निर्देश दिया है। बच्चों को घर पर रहकर पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी गई है। प्रधानाध्यापकों को वाट्सएप ग्रुप तैयार करने के लिए भी कहा गया है। वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शिक्षक बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क बनाए रखेंगे और पढ़ाई से संबंधित सलाह देते रहेंगे। बाढ़ का पानी कम होने में करीब एक महीने से अधिक का समय लगेगा। पानी हटने के बाद स्कूलों की साफ-सफाई
कराई जाएगी। ईधर, राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर के अनुसार कक्षा एक से आठ तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा सितंबर के द्वितीय या तृतीय सप्ताह में ली जाएगी। वहीं, द्वितीय त्रैमासिक दिसंबर के द्वितीय
या तृतीय सप्ताह और वार्षिक परीक्षा मार्च 2026 में लेने की बात कही गई है। यह भी आदेश दिया गया है कि सभी पाठ्यक्रम इससे पहले पुरा कर ली जाएगी। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा का प्रश्न पत्र छापने की भी तैयारी चल रही है।
मासिक परीक्षा भी फिलहाल स्थगित
जिला शिक्षा पदाधिकारी साकेत रंजन कहा कि संबंधित प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है वे इन स्कूलों पर नजर बनाए रखेंगे। स्कूल स्तर पर होने वाली मासिक परीक्षा भी फिलहाल स्थगित रहेगी। सितंबर के द्वितीय या तृतीय सप्ताह में अर्द्धवार्षिक परीक्षा होनी है। यदि उस समय तक विद्यालय का बाढ़ का पानी निकल जाता है तो प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वहां साफ-सफाई करना सुनिश्चित करेंगे। अगर पानी निकलने में देरी होगी तो इन स्कूलों में अर्द्धवार्षिक की परीक्षा बाद में ली जाएगी।
