निलंबित होने के बाद भी स्कूल में जमे हैं एचएम
चेवाड़ा, निज संवाददाता। निलंबन के एक सप्ताह बाद भी एचएम स्कूल में जमे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के आदेश के बाद भी वरीय शिक्षक को प्रभार नहीं दिया गया। विडंबना यह कि सबकुछ जानकर भी जिम्मेवार अधिकारी चुप बैठे हैं।
कर्तव्यहीनता के आरोप में नगर पंचायत के प्लस टू श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय के एचएम संजय कुमार को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन अवधि में उन्हें प्रखंड संसाधन केन्द्र, बरबीघा में योगदान देने का निर्देश दिया गया था। इस दौरान जीवन निर्वहन भत्ता बरबीघा प्रखंड
संसाधन केन्द्र द्वारा बनायी गयी उपस्थिति के अनुसार मिलेगा। लेकिन, निलंबित शिक्षक अधिकारी के आदेश को दरकिनार कर स्कूल के वरीय शिक्षक को न प्रभार दिया है और न ही खुद नये स्थल पर योगदान ही किया है। इधर, बीईओ प्रमोद झा ने बताया कि निलंबन की तिथि को ही स्कूल के वरीय शिक्षक को प्रभार देकर निलंबित एचएम को बरबीघा प्रखंड संसाधन केन्द्र में योगदान देना था। लेकिन, निलंबित एचएम विभागीय आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारी को लिखा जाएगा।
