बिसरहिया में शिक्षकों के आपसी विवाद से ठप पड़ा है मिड डे मील
सिकरहना, निज संवाददाता। ढाका प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बिसरहिया में शिक्षकों के बीच आपसी विवाद के कारण करीब तीन माह से मिड डे मील बंद पड़ा हुआ है। तीन माह से बच्चों को मिड डे मील से वंचित रहना पड़ रहा है। मिड डे मील बंद रहने से इसका असर बच्चों की उपस्थिति पर भी पड़ता है।
मिड डे मील प्रपत्र पर एचएम सहित सहायक शिक्षकों के हस्ताक्षर को लेकर एचएम व सहायक शिक्षक के बीच विवाद है, जिसको लेकर एचएम ने मिड डे मील बनाने से इंकार करते हुए बीईओ को लिखित में आवेदन दिया है। इसकी जांच बीईओ द्वारा की भी गयी थी लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकला। इधर, ढाका में करीब पचास से ज्यादा किचेन शेड पुराना हो चुका है और जर्जर अवस्था
में पहुंच चुका है। इसी जर्जर किचेन शेड में मिड डे मील बनाया जाता है, जहां खतरे की संभावना बनी रहती है। ढाका में कई ऐसे स्कूल है, जहां किचेन शेड नहीं है। वहां विद्यालय के एक कमरे में मिड डे मील बनाया जाता है, जिससे पढ़ाई में दिक्कतें होती है। प्राथमिक विद्यालय बहलोलपुर में पुराने विद्यालय भवन में मिड डे मील बनता था, लेकिन इस भवन की हालत काफी जर्जर होने के कारण नये
भवन के एक कमरे में मिड डे मील बनाया जाता है। इसके कारण उसमें बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते है। उस क्लास के बच्चे को दूसरे क्लास में शिफ्ट किया गया है। यहीं हाल प्राथमिक विद्यालय सराठा उर्दू विद्यालय की है। मध्याह्न भोजन साधनसेवी आनंद मिश्रा ने बताया कि बिसरहिया विद्यालय में शिक्षकों के बीच विवाद को लेकर मिड डे मील बंद होने की सूचना डीईओ को दे दी गयी है।
