एचएम व शिक्षिका भिड़ीं, बीईओ से बदसलूकी

 एचएम व शिक्षिका भिड़ीं, बीईओ से बदसलूकी



बोखड़ाः शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूलों से जब गुरुजनों के ऐसे कारनामे सामने आते हैं तो समाज में शिक्षा की नींव हिलती नजर आती है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला बोखड़ा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बुधनगरा बालक से सामने आया है। जहां की प्रभारी प्रधानाध्यापक पूजा पल्लवी एवं सहायक शिक्षिका अल्पना कुमारी के बीच हाथापाई का वीडियो प्रसारित हो रहा है। जिसमें दोनों शिक्षिका एक दूसरे का बाल पकड़कर खींचातानी करती हुई नजर आ रही है। इस दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा था। उसी दिन इस घटना से पूर्व स्कूल जांच करने पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से प्रभारी प्रधानाध्यापक ने हाजिरी पंजी मांगने पर बदसलूकी कर दी। घटना 30 जून की बताई गई है। हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।


प्रभारी प्रधानाध्यापक का दो वीडियो इन दिनों प्रसारित है। एक वीडियो में वह सहायक शिक्षिका से लड़ती नजर आ रही हैं। दोनों के बीच कहासुनी के साथ हाथापाई हुई, बाल खींचने से लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल तक खुलेआम हुआ। वही, दूसरे वीडियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से बदसलूकी करती दिख रही हैं।

अधिकारी द्वारा कार्रवाई की बात कहने पर पूजा पल्लवी उल्टा धमकी देते हुए कहती है कि जो करना है कीजिए, आपका भी चिट्ठा हमारे पास है। इस रवैये से हैरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीर कुमार राय ने अब इस शिक्षिका के खिलाफ पंचायत नियोजन इकाई पंचायत सचिव को पत्र लिखकर शिक्षिका के निलंबन की अनुशंसा की है।
Previous Post Next Post