स्थानांतरण में महिला शिक्षकों की हुई अनदेखी : ब्रजवाशी

 स्थानांतरण में महिला शिक्षकों की हुई अनदेखी : ब्रजवाशी



मड़वन, एक संवाददाता । एमएलसी वंशीधर ब्रजवाशी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बातें अब केवल भाषणों तक सीमित रह गई हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। वर्षों से स्थानांतरण की राह देख रहीं महिला शिक्षकों की मांगों की अनदेखी की जा रही है।

ये महिलाएं कठिन पारिवारिक परिस्थितियों में भी दूरस्थ इलाकों में अपनी सेवा दे रही हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर मौन है। वे मंगलवार को मड़वन में आयोजित नारी अधिकार रैली को संबोधित कर रहे थे। एमएलसी ने मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत महिला रसोइयों व जीविका दीदियों की स्थिति को भी चिंताजनक बताया। कहा कि कम मानदेय और भारी कार्यभार के बावजूद ये महिलाएं योजनाओं को जमीन पर सफल बना रही हैं। फिर भी सरकार उनके भविष्य को लेकर

उदासीन बनी हुई है। कहा कि जीविका दीदियों को लोन नहीं रोजगार चाहिए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की दयनीय स्थिति को भी उजागर किया। एमएलसी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया। उन्होंने सोमवार को पारू में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेने की मांग की। इससे पहले महिलाओं ने अधिकारों को लेकर मड़वन में जागरूकता रैली निकाली। इसमें विभिन्न प्रखंडों से काफी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। मौके पर सकलदेव सहनी, विवेक कुमार, कपिलदेव, मुकेश आदि थे।

Previous Post Next Post