विद्यालयों में भीषण गर्मी से सात बच्चे हो गए बीमार
कुचायकोट प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में गुरुवार को भीषण गर्मी का असर बच्चों की सेहत पर दिखाई दिया।
दोपहर करीब 12 बजे के आसपास सात छात्र-छात्राएं हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन की चपेट में आकर बीमार हो गए। कई बच्चे बेहोशी की हालत में स्कूल परिसर में ही जमीन पर गिर गए। शिक्षकों व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल कुचायकोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
जहां उनका इलाज चल रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. श्यामसुंदर कुमार ने बताया कि सभी बच्चों को लू लगने और शरीर में पानी की कमी के कारण भर्ती किया गया था। कुछ का ब्लड प्रेशर काफी गिर गया था। जबकि कुछ को पेट दर्द व सिरदर्द की शिकायत थी।
फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। बीमार बच्चों में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलबनवा की प्रीति कुमारी, मनीषा कुमारी, निधि कुमारी, गीता कुमारी, ममता कुमारी, खुशी कुमारी सहित दर्जन भर छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बिहार विकास विद्यालय की शिवानी कुमारी को भी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह सीएचसी पहुंचे और बच्चों की स्थिति की जानकारी ली।
