स्कूल बंद कर गायब हो गए शिक्षक, BEO ने की कार्रवाई की सिफारिश; DEO को भेजा लेटर
प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रखही पश्चिम के औचक निरीक्षण में मिली गड़बड़ियों के विरुद्ध संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार द्वारा 23 जुलाई को किए गए औचक निरीक्षण में विद्यालय पूरी तरह से बंद पाया गया।
इस मामले में बीईओ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए जांच प्रतिवेदन भेजा है। निरीक्षण के दौरान बीईओ को स्थानीय ग्रामीणों ने जानकारी दी कि विद्यालय में पिछले दस दिनों से शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हैं।
शिक्षक केवल उपस्थिति पंजी में नाम दर्ज कर चले जाते हैं और शाम में फिर से आकर आउट समय दर्ज करते हैं। इस लापरवाही की पुष्टि के लिए बीईओ द्वारा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर जुलाई माह की उपस्थिति रिपोर्ट जांच की गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक खलील अहमद, सुदिश कुमार पाण्डेय और शिक्षिका तब्बसुम आरा द्वारा कभी सुबह 10 बजे, तो कभी 10:30 बजे उपस्थिति दर्ज की गई है। वहीं, स्कूल बंद होने का समय भी अनियमित तरीके से कभी पहले, तो कभी देर रात तक दर्ज किया गया है।
