टीआरई-‑3 शिक्षकों को एक सप्ताह में कर्मचारी रूपांतरण जमा करें कागजात

 टीआरई-‑3 शिक्षकों को एक सप्ताह में कर्मचारी रूपांतरण जमा करें कागजात



मधुबनी, निज संवाददता। जिले के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति परीक्षा‑3 (टीआरई‑3) के अंतर्गत पदस्थापित शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर कर्मचारी रूपांतरण से संबंधित सभी दस्तावेज जमा करने होंगे। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने इसके लिए निर्देश दिया है। डीपीओ स्थापना ने बताया कि जिन शिक्षकों की पूर्व नियुक्ति किसी अन्य जिले या विभाग में रही है, उन्हें अपने पहले पदस्थापन स्थल पर स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या (प्राण) को रूपांतरण मोड में निष्क्रिय कराना अनिवार्य है। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, प्राण कार्ड, बैंक पासबुक, नियुक्ति पत्र, त्याग पत्र या विरमण पत्र तथा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) प्रपत्र भरकर कार्यालय में जमा करना होगा।

निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी दस्तावेज नहीं जमा किए गए, तो संबंधित शिक्षकों का वेतन और अन्य भुगतान बाधित हो सकते हैं। सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक से अनुरोध किया गया है कि वे अपने विद्यालयों में कार्यरत टीआरई - तीन शिक्षकों से संबंधित कागजात की सत्यापित प्रतियां शीघ्र उपलब्ध कराएं। समय पर दस्तावेज प्राप्त होने पर वेतन भुगतान की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि समय पर सहयोग मिलने पर किसी को आर्थिक असुविधा नहीं होगी। हालांकि जिले में दर्जनों शिक्षकों को साल भर से वेतन नहीं मिला है। इसके लिए शिक्षक व शिक्षिकाएं दर दर की ठोकर खा रहे हैं। इसके लिए डीईओ और डीपीओ कार्यालय की खाक छानने के बाद भी वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। सूत्रों की माने तो डीपीओ स्थापना कार्यालय के कुछ कर्मी अवैध उगाही के कारण ऐसे शिक्षकों के वेतन भुगतान में अड़चन पैदा कर रहे हैं। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि इसतरह की जानकारी नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।
Previous Post Next Post