10 शिक्षक आईआईटी कानपुर में लेंगे डिजिटल शिक्षा का विशेष प्रशिक्षण

 10 शिक्षक आईआईटी कानपुर में लेंगे डिजिटल शिक्षा का विशेष प्रशिक्षण



आईआईटी कानपुर में प्रस्तावित यह प्रशिक्षण तकनीकी अभ्यास पर आधारित होगा पीएम श्री एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से पांच-पांच शिक्षकों का हो रहा चुनाव गोरखपुर, निज संवाददाता। जनपद से 10 शिक्षकों का चयन आईआईटी कानपुर में विशेष कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा है। इनमें पांच शिक्षक उच्च प्राथमिक और पांच पीएम श्री विद्यालयों से लिए जा रहे हैं। शासन स्तर से जनपदवार शिक्षकों का नामांकन मांगा गया है, जिले में 7 शिक्षकों का चयन बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कर लिया गया है, जबकि 2-3 योग्य शिक्षकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। आईआईटी कानपुर में प्रस्तावित यह प्रशिक्षण पूरी तरह तकनीकी अभ्यास आधारित होगा, जिसमें कंप्यूटर संचालन, डिजिटल कंटेंट निर्माण, स्मार्ट क्लास संचालन, शैक्षिक सॉफ्टवेयर और ई-लर्निंग टूल्स के उपयोग का गहन अभ्यास कराया जाएगा।

प्रशिक्षण के बाद यह शिक्षक जनपद स्तर पर अन्य शिक्षकों को भी डिजिटल शिक्षा का प्रशिक्षण देंगे, जिससे व्यापक स्तर पर शैक्षिक नवाचार को बढ़ावा मिल सके। शिक्षकों का यह चयन उनकी विषय विशेषज्ञता, पूर्व प्रशिक्षण अनुभव और नवाचार में सक्रिय भागीदारी को ध्यान में रखते हुए किया गया है। सभी शिक्षक गणित और विज्ञान विषय के हैं तथा ब्लॉक स्तर पर विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित भी हो चुके हैं। परिषदीय विद्यालयों में कंप्यूटर लैब की स्थापना तेजी से हो रही है। इन विद्यालयों में कंप्यूटर आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे छात्रों को तकनीक आधारित गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिल सके। -रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए, गोरखपुर
Previous Post Next Post