बिना रिक्ति के भी शिक्षक हो गए पदस्थापित, एचएम से रिपोर्ट तलब

 बिना रिक्ति के भी शिक्षक हो गए पदस्थापित, एचएम से रिपोर्ट तलब

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। जिले के दर्जनों स्कूलों में एक विषय में दो-दो, तीन-तीन शिक्षक पदस्थापित हो गए हैं। कहीं-कहीं तो बिना रिक्ति के भी शिक्षक पदस्थापित कर दिए गए हैं।




जिस विषय में पहले से शिक्षक हैं, उसमें भी शिक्षकों का स्थानांतरण हो गया है। शिक्षकों के स्थानांतरण और विद्यालय आवंटन में इस तरह की कई गड़बड़ी सामने आई है। विद्यालय आवंटन के बाद योगदान देने के क्रम में इन गड़बड़ियों का खुलासा हो रहा है। गड़बड़ी सामने आने के बाद आनन फानन में स्कूलों से ऐसे शिक्षकों की सूची मांगी गई है। डीईओ ने निर्देश दिया है कि हेडमास्टर अविलंब इसकी रिपोर्ट  दें। अगर किसी स्कूल में एक विषय में दो-दो शिक्षक हैं तो हेडमास्टर इसके लिए जवाबदेह होंगे। यह हाल तब है जबकि अभी पहले चरण के विद्यालय आवंटन को लेकर ही योगदान शुरू हुआ है।

मूल विद्यालय में रहने की अनुमति से फंसा पेच

शिक्षकों से लेकर शिक्षा विभाग के कर्मी तक इस बात को लेकर हलकान रहे कि पहले से जिस विषय में शिक्षक हैं, उसी में दूसरे शिक्षक के आवंटन के बाद अब क्या होगा। शिक्षकों का कहना कि रैंडमाइजेशन में गड़बड़ी के साथ ही स्थानांतरण के बाद भी मूल विद्यालय में रहने की अनुमति से भी इसमें पेच फंस रहा है। जिन शिक्षकों का स्थानांतरण हो गया, वे नई जगह नहीं गए। इसी बीच उस सीट पर अन्य शिक्षक का स्थानांतरण हो गया। नतीजतन कई स्कूलों में एक ही विषय के दो-दो शिक्षक तैनात हो गये।

9वीं-10वीं और 11वीं-12वीं में हुआ है पदस्थापन

जिले में 9वीं-10वीं और 11वीं-12वीं में बड़ी संख्या में इस तरह का पदस्थापन हुआ है। उच्च माध्यमिक विद्यालय पटसरा में 11वीं-12वीं में राजनीति विज्ञान और 9वीं-10वीं में एक ही विषय में डबल पोस्टिंग हुई है। उच्च माध्यमिक विद्यालय कटरा में सामाजिक विज्ञान में अब दो शिक्षक हो गए हैं। यहां सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका का अरवल स्थानांतरण हो गया है, वह गई नहीं। इसी बीच इसी विषय में अन्य शिक्षक ने योगदान दे दिया। आरके हाईस्कूल सेरूकाहीं में विज्ञान में दो शिक्षक हो गए हैं। हाईस्कूल जगदीशपुर बघनगरी में म्यूजिक के तीन शिक्षक हो गए हैं।

Previous Post Next Post