पकड़े गए शिक्षक उपस्थिति फर्जीवाड़ा में फिर भी नहीं दे रहे स्पष्टीकरण

 उपस्थिति फर्जीवाड़ा में पकड़े गए शिक्षक नहीं दे रहे स्पष्टीकरण

मुजफ्फरपुर में 40 से अधिक शिक्षक उपस्थिति फर्जीवाड़ा में पकड़े गए हैं। इन शिक्षकों ने वीडियो कॉलिंग और दूसरे के मोबाइल से उपस्थिति बनाई। कई शिक्षक स्कूलों से अनुपस्थित रहे हैं, फिर भी उनकी उपस्थिति...



मुजफ्फरपुर। प्रमुख संवाददाता उपस्थिति फर्जीवाड़ा में पकड़े गए शिक्षक स्पष्टीकरण भी नहीं दे रहे हैं। जिले के तीन दर्जन से अधिक शिक्षक इस वजह से निलंबन के घेरे में हैं। ई-शिक्षा कोष की जांच के दौरान उपस्थिति फर्जीवाड़ा करते धरे गए इन शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसमें लगभग 40 शिक्षक ऐसे हैं जिनकी उपस्थिति एक ही कपड़े में 10 से 12 दिनों तक बनी है। वहीं, कई के घर पर रहकर ही उपस्थिति बनाने का मामला सामने आया है। यही नहीं, इसमें कई शिक्षक ऐसे भी धरे गए हैं जो स्कूल नहीं आ रहे हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति दूसरे के मोबाइल में लगी फोटो और वीडियो से बनाई गई है।

मई में अलग-अलग दिनों में स्कूलों की जांच में इन शिक्षकों का फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था। यही नहीं, कई शिक्षक ऐसे भी रहे जो नवम्बर से लेकर अप्रैल तक स्कूल से अनुपस्थित हैं। इन शिक्षकों के स्पष्टीकरण को लेकर भी दो बार अल्टीमेटम दिया जा चुका है, लेकिन शिक्षकों पर इसका कोई असर नहीं है। वीडियो कॉलिंग से बन रही उपस्थिति : पारू के एक ही स्कूल के तीन शिक्षक से दोबारा स्पष्टीकरण मांगा गया है। इन शिक्षकों में से दो की इन और आउट की उपस्थिति वीडियो कॉलिंग से बनी हुई है। यही नहीं, एक शिक्षक की उपस्थिति पर किसी अन्य की फोटो लगी है। इसी तरह सकरा के एक स्कूल की प्रधान शिक्षिका और अन्य शिक्षिकों से तीसरी बार स्प्ष्टीकरण मांगा गया है। यहां स्कूल में शिक्षक लगातार तीन महीने से मौजूद ही नहीं हैं। गायघाट, कटरा के अलग-अलग स्कूलों के 10 शिक्षकों से इस मामले में तीसरी बार स्प्ष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षक ही नहीं हेडमास्टर भी होंगे निलंबित : डीईओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि साक्ष्य के साथ अपना स्पष्टीकरण नहीं देने वाले शिक्षकों के पास यह अंतिम मौका है। इस मामले में संबंधित स्कूल के हेडमास्टर पर भी निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post