छठी से 12वीं तक के स्कूलों में होगी आइडिया प्रतियोगिता
पटना, कार्यालय संवाददाता।
इंस्पायर मानक 2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो गई है। इस बार यह प्रतियोगिता 11 वीं 12 वीं के छात्रों के लिए भी आयोजित हो रही है। इसमें छठी से 12वीं तक के छात्र छात्राएं भाग लेंगे। छात्रों से बेहतर से बेहतर आइडिया प्राप्त हो सके इसके लिए स्कूलों को 5 जुलाई तक आइडिया प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश जिला शिक्षा कार्यालय ने दिया है।
स्कूलों में आइडिया प्रतियोगिता कराने के बाद हर कक्षा यानी छठी से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा से एक-एक बेहतरीन आइडिया का चयन 10 जुलाई तक किया जाएगा। इन आइडिया को 15 सितंबर तक इंस्पायर मानक के ऑनलाइन पोर्टल ईएमआईएएस inspireawards-dst.gov.in पोर्टल पर अपलोड करना होगा। जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विद्यालय प्रधान की बैठक 25 जून तक प्रखंड स्तर पर ऑनलाइन-ऑफलाइन होगी। प्रखंड के सभी विद्यालयों को जो पूर्व से इंस्पायर मानक के लिए पंजीकृत नहीं हैं उन्हें 30 जून तक अपना पंजीयन इसके लिए करना होगा। पटना डीईओ पूनम कुमारी ने कहा है कि इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम के लिए छठी से 12वीं तक के विद्यालयों में एक या दो विज्ञान शिक्षक को नोडल शिक्षक के रूप में नामित किया जाए। विद्यालय में स्पर्धा कराने की जिम्मेदारी इन शिक्षकों की होगी।
100 तरह के आइडिया की सूची की गई जारी
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार ने लगभग 100 तरह के आइडिया की सूची जारी की है। विभाग ने कहा है कि इससे मिलते जुलते आइडिया हर साल विभाग को इंस्पायर मानक के लिए प्राप्त होते हैं। इसी वजह से बच्चों को कुछ नवीन आईडिया देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
