Primary ka master: शिक्षकों में रार: सीसीटीवी लगाने से भड़के टीचर, स्कूल में जमकर हंगामा, प्रधानाध्यापिका समेत तीनों पर कार्रवाई


प्राथमिक विद्यालय सोनकपुर देहात में सीसीटीवी लगने से भड़के शिक्षकों ने जमकर हंगामा किया। प्रधानाध्यापिका कुमारी दीपा पर अभद्रता का आरोप लगाया। स्कूल में गांव के अभिभावक एकत्र हो गए, स्कूल के सीसीटीवी तोड़ दिए। रसोइयों व शिक्षकों ने प्रधानाध्यापिका पर मारपीट का आरोप लगाया।



हंगामे के बाद पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर जब्त कर ली है। मामला बढ़ा तो सूचना बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार तक पहुंची। वह भी प्राथमिक विद्यालय सोनकपुर देहात पहुंच गए। बीईओ वीगेश गोयल भी मौके पर थे। शिक्षकों व रसोइयों ने अधिकारियों के सामने भी प्रधानाध्यापिका पर आरोप लगाए।


सुबह 11 बजे अभिभावक स्कूल में घुसे और दोपहर दो बजे तक हंगामा चला। विभागीय जांच में सामने आया है कि विद्यालय में तैनात कुछ शिक्षक मनमानी कर रहे हैं। उनके आने व जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। कक्षा में पढ़ाई में भी शिथिलता बरती जा रही है।


इसके बाद प्रधानाध्यापिका ने स्कूल के क्लास रूम व स्टाफ रूम में सीसीटीवी लगवा दिए। इसके बाद से शिक्षकों की मनमानी बंद हो गई। 16 अप्रैल को बीईओ ने स्कूल का दौरा किया था। उस समय भी उन्होंने प्रधानाध्यापिका व सभी शिक्षकों को साथ लेकर बैठक की थी इसके बावजूद कोई प्रभाव नहीं हुआ और शुक्रवार को यह हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया।


अफसरों ने सीसीटीवी तोड़ने पर आपत्ति जताई है। अब बीएसए और बीईओ ने प्रधानाध्यापिका समेत सात शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। दो दिन में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मामले में प्रधानाध्यापिका ने कोई बयान देने से इनकार किया है।

छह माह पहले ही हुई थी तैनाती 

बीईओ ने बताया कि छह माह पहले ही प्राथमिक विद्यालय सोनकपुर देहात में कुमारी दीपा की तैनाती बतौर प्रधानाध्यापिका हुई है। इससे पहले वह पाकबड़ा के गुरैठा गांव के एक विद्यालय में तैनात थीं। आरोप है कि वहां भी शिक्षक उनकी अभद्रता से परेशान थे। विभागीय अधिकारियों ने भी यह बात स्वीकार की है कि प्रधानाध्यापिका का बातचीत का लहजा गलत रहा। उन्होंने विद्यालय में कोई भी कार्य कराने से पहले शिक्षकों से सामंजस्य नहीं किया। इस कारण विवाद बढ़ा।

प्रधानाध्यापिका समेत सभी शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। - वीगेश गोयल, खंड शिक्षा अधिकारी

दो शिक्षक निलंबित, तीसरे की रोक दी गई वेतन वृद्धि

बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय बंकाबाला पंडितपुर के इंचार्ज अध्यापक और सहायक अध्यापिका को निलंबित कर दिया है। इंचार्ज अध्यापक तेज प्रकाश गुरयान और सहायक अध्यापिका कुमारी सुनीता के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। विवाद की शिकायत सुनीता ने 15 अप्रैल को डीएम से की थी। डीएम के आदेश पर बीएसए ने इसकी जांच बीईओ ठाकुरद्वारा मोहित कुमार को सौंपी।


उन्होंने 29 अप्रैल को जांच कर अपनी रिपोर्ट बीएसए को भेजी। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों के बीच विवाद से विद्यालय का शिक्षण कार्य और माहौल प्रभावित हो रहा है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर इसका गलत असर पड़ रहा है। जिला बीएसए ने जांच रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए सात मई को दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।  


तेज प्रकाश को कंपोजिट विद्यालय पसियापुर पदार्थ से संबंध किया गया है। जबकि सुनीता को प्राथमिक विद्यालय फरीदनगर से संबद्ध किया गया है। इसी विद्यालय के अध्यापक योगेंद्र सिंह को कार्य में लापरवाही पर एक वार्षिक वेतन वृद्धि अस्थायी रूप से रोकी गई है। आरोपों की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी शिवम गुप्ता मुरादाबाद नगर को दी गई है।

Previous Post Next Post