जागरण संवाददाता, पटना सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए नई दर निर्धारित की गई है। नई दर के अनुसार, कक्षा एक से पांच तक के लिए 6.78 रुपये प्रति बच्चा और छह से आठ तक के लिए 10.17 रुपये तय किया गया है। पूर्व में कक्षा एक से पांच तक के लिए 6.10 रुपये और छह से आठ तक के लिए 9.29 रुपये (प्रति बच्चा) निर्धारित था। प्रधानाध्यापकों का कहना है कि इससे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारेगी। हालांकि, बढ़ती महंगाई के अनुसार अब भी प्रति बच्चा के हिसाब से कम रुपये तय किए गए हैं। स्कूल स्तर पर पाकेट बंद मसाले और तेल की खरीद होती है। बाजार में प्रति अंडे की कीमत आठ रुपये है, जबकि स्कूलों में प्रति बच्चे के हिसाब से पांच रुपये निर्धारित है।
शाकाहारी बच्चों को इसी निर्धारित राशि में फल भी दिए जाते हैं। अंडा या फल सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को दिया जाता है। दोनों की खरीदारी करने पर बिल जमा करना होता है।
मेन्यू में भी किया गया बदलाः मध्याह्न भोजन निदेशालय के आदेश के मुताबिक बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की मेन्यू में भी बदलाव किया गया है। बच्चों को बदले मेन्यू के अनुसार ही फरवरी से मध्याह्न भोजन दिया जा रहा है। जिला शिक्षा कार्यालय ने कहा
कि जिन स्कूलों ने मध्याह्न भोजन की मेन्यू को दीवारों को स्पष्ट शब्दों लेखन नहीं किया है उन पर सख्त कार्रवाई होगी। निरीक्षण दल भी मेन्यू के अनुसार भोजन की जानकारी प्राप्त करेंगे और इसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा कार्यालय को देंगे। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अमृत कुमार ने कहा कि नई मेन्यू में बच्चों के पौष्टिकता का ख्याल रखा गया है। भोजन में किसी तरह की शिकायत मिली तो स्कूल के प्रधान पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि मध्याह्न भोजन की रिपोर्ट प्रतिदिन कार्यालय को देना होगा। उस रिपोर्ट में स्कूल के प्रधान के अलावा स्कूल के सभी शिक्षक अनिवार्य रूप से हस्ताक्षर करेंगे। जो शिक्षक रिपोर्ट पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे उनको अनुपस्थित मनाया जाएगा।
सोमवार से शनिवार तक का नया मेन्यू जारी
सोमवार
चावल, मिश्रित दाल तड़का हरी सब्जी युक्त
मंगलवार
चावल, सोयाबीन-आलू की सब्जी
बुधवार
चावल, लाल चना का छोला आलू के साथ
गुरुवार
चावल, मिश्रित दाल तड़का हरी सब्जी युक्त
शुक्रवार
चावल, लाल चना का छोला आलू युक्त, उबला अंडा, यह अंडा नहीं खाने वाले को मौसमी फल
शनिवार
खिचड़ी हरी सब्जी युक्त और चोखा
