छात्रा का आरोप, शिक्षक रखते हैं गलत नीयत, विरोध करने पर दिए कम अंक

 संस, जागरण नाथनगर (भागलपुर)


तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के टीएनबी कालेज के इतिहास विभाग के प्रभारी विभागाध्यक्ष सह पीजी इतिहास विभाग के शिक्षक रविशंकर चौधरी पर विभाग की एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीजी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा ने कुलपति को लिखे आवेदन में कहा, शिक्षक रविशंकर चौधरी गलत नीयत रखते हैं। छात्रा ने शिक्षक पर जानबूझकर कम अंक देने का भी आरोप लगाया है। हालांकि शिक्षक ने इन आरोपों को गलत बताया है। इधर, कुलपति छात्रा की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। जांच टीम को 24 घंटे के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



छात्रा ने कुलपति को दिए आवेदन में कहा कि अब तक शिक्षक रविशंकर चौधरी परेशान कर रहे हैं।

जब मैं टीएनबी कालेज में स्नातक इतिहास की पढ़ाई कर रही थी, तब रवि शंकर ने उनसे कहा था कि उनकी पत्नी छह दिनों के लिए बाहर


गई है। उसे नोट्स चाहिए तो वह उनके घर आ जाए। वह शिक्षक की बात मानने से मना करती थी तो वे उसे कम अंक देने की धमकी देते थे।


छात्रा की शिकायत गंभीर है। डीएसडब्ल्यू प्रो. विजेंद्र कुमार के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया है। जांच टीम में अंग्रेजी विभाग की प्रो. आरती सिंह और गणित विभाग की प्रो. रंजना दुबे को शामिल किया गया है। जांच टीम को 24 घंटे में मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


- प्रो. जवाहर लाल, कुलपति टीएमबीयू

Previous Post Next Post